रिपोर्टर – राहुलकुमार अग्रवाल, पुणे, महाराष्ट्र :- NIBM स्थित रहेजा विस्टा प्रीमियर में इस वर्ष गणेशोत्सव का शुभारंभ बड़े ही हर्षोल्लास, श्रद्धा और उत्साह के साथ किया गया। लगभग 11 से 12 टावरों में बसी इस विशाल सोसायटी को एक छोटे से नगर के समान मानते हुए इस वर्ष गणपति स्थापना की व्यवस्था दो-दो टावरों के समूह में की गई है। वहीं, सोसायटी के क्लब हाउस में सभी टावरों के लिए अलग-अलग दिन सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित करने की व्यवस्था की गई है। इसी क्रम में टावर 5 एवं टावर 6 के संयुक्त आयोजन में गणपति बप्पा का भव्य स्वागत एवं स्थापना की गई। गणपति बप्पा की आगमन यात्रा ढोल-ताशों और रथयात्रा के साथ निकाली गई, जिससे पूरे परिसर में भक्तिमय एवं उत्साहपूर्ण वातावरण देखने को मिला। गणपति बप्पा के स्वागत के पश्चात इस्कॉन मंदिर के प्रभुजी द्वारा संकीर्तन का आयोजन किया गया। श्रद्धालुओं ने बड़ी संख्या में इसमें भाग लेकर भक्तिमय वातावरण का आनंद लिया। कार्यक्रम के उपरांत सभी उपस्थित लोगों के लिए प्रसाद की व्यवस्था भी की गई। इस अवसर पर समिति के अध्यक्ष श्री अमित गोयल, प्रफुल्ल जी एवं राहुल जी सहित समिति की महिला सदस्यों जसमीत कौर, नेहा गोयल, नीरज मेहता, कविता शर्मा, प्रज्ञा बब्बर, श्वेता अग्रवाल, रश्मि, शगुफ्ता, काजल एवं जसमीत ने आयोजन की तैयारियों में महत्वपूर्ण योगदान दिया। सभी सदस्यों ने पूरे उत्साह, समर्पण और मेहनत के साथ गणपति उत्सव को सफल बनाने में अपना योगदान दिया। गणेशोत्सव के अंतर्गत अगले पांच दिनों तक प्रतिदिन विभिन्न सांस्कृतिक एवं मनोरंजक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। आज दोपहर 3:30 बजे बच्चों के लिए ड्रॉइंग प्रतियोगिता का आयोजन किया गया है। वहीं शाम 7:30 बजे के बाद गणपति आरती के पश्चात सभी के लिए तंबोला कार्यक्रम रखा गया है। प्रत्येक दिन कार्यक्रमों के उपरांत श्रद्धालुओं के लिए प्रसाद की व्यवस्था भी रहेगी। गौरतलब है कि पूर्व वर्षों में सोसायटी के सभी टावरों द्वारा मिलकर गणपति बप्पा की स्थापना की जाती थी। इस वर्ष से दो-दो टावरों के समूह में गणपति स्थापना करने की नई एवं सुंदर परंपरा की शुरुआत की गई है। समिति का मानना है कि इस पहल से प्रत्येक टावर के निवासियों को एक-दूसरे के साथ मिलकर उत्सव मनाने का अवसर मिलेगा और सोसायटी में आपसी एकता, भाईचारा एवं प्रेम की भावना और अधिक मजबूत होगी। समिति के सदस्यों ने कहा कि गणेशोत्सव केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि समाज के सभी परिवारों को एक साथ जोड़ने और आपसी सौहार्द बढ़ाने का अवसर भी है। इसी भावना के साथ सभी टावरों के निवासी मिल-जुलकर आगामी दिनों में विभिन्न कार्यक्रमों में सहभागी बनेंगे। समिति की ओर से गणपति बप्पा से प्रार्थना की गई कि वे रहेजा विस्टा प्रीमियर के सभी निवासियों एवं उनके परिवारों पर अपना आशीर्वाद बनाए रखें तथा सभी के जीवन में सुख, शांति, समृद्धि और खुशियां प्रदान करें।
NIBM के रहेजा विस्टा प्रीमियर में गणेशोत्सव का भव्य शुभारंभ।
News Publisher