रिपोर्टर – रणजीत सिंह :- सहारनपुर जिले के गंगोह क्षेत्र में एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। पत्नी को पुलिस कांस्टेबल भर्ती परीक्षा दिलाने आए युवक शिव कुमार की गोली मारकर हत्या कर दी गई। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। जानकारी के मुताबिक शिव कुमार अपनी पत्नी को पुलिस भर्ती की लिखित परीक्षा दिलाने के लिए सहारनपुर आया था। परीक्षा केंद्र से बाहर निकलने के बाद उसकी पत्नी के भाई मोंटी ने उसे रास्ते में रोक लिया। बताया जा रहा है कि दोनों के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हुई, जिसके बाद मोंटी ने तमंचा निकालकर शिव कुमार की कनपटी से सटाकर गोली मार दी। गोली लगते ही शिव कुमार मौके पर गिर पड़ा और उसकी मौत हो गई। वारदात के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। पुलिस के अनुसार शिव कुमार ने करीब चार महीने पहले परिवार की मर्जी के खिलाफ प्रेम विवाह किया था, जिसके चलते ससुराल पक्ष नाराज चल रहा था। पुलिस ने आरोपी मोंटी को गिरफ्तार कर लिया है और मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है। घटना के बाद युवती के घर में मातम पसरा हुआ है। मृतक की पत्नी का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
प्रेम विवाह से नाराज ससुराल पक्ष ने युवक की गोली मारकर की हत्या।
News Publisher