उन्नाव में सर्राफा व्यापारी से दिनदहाड़े लाखों की लूट, तमंचे के बल पर बदमाशों ने छीना सोना-चांदी से भरा बैग

News Publisher  

रिपोर्टर – रणजीत सिंह :- उन्नाव जिले में अपराधियों के हौसले बुलंद नजर आ रहे हैं। थाना औरास क्षेत्र के रामपुर खजड़ी गांव के पास सर्राफा व्यापारी से सरेआम लाखों रुपये के सोने-चांदी के आभूषण लूट लिए गए। जानकारी के अनुसार, दो बाइकों पर सवार चार बदमाशों ने सर्राफा व्यापारी को तमंचे के बल पर रोक लिया और सोना-चांदी से भरा बैग लूट लिया। बैग में करीब 15 किलो चांदी और 15 से 20 ग्राम सोने के आभूषण बताए जा रहे हैं। व्यापारी ने जब लूट का विरोध किया तो बदमाशों ने फायरिंग कर दी और मौके से फरार हो गए। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही थाना औरास पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस टीम आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और बदमाशों की पहचान कर गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी हुई है।