रिपोर्टर – रणजीत सिंह, लखनऊ, उत्तर प्रदेश :- उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री आज रात 9 बजे वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से प्रदेश के सभी जिलों के अधिकारियों के साथ महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक करेंगे। लखनऊ से आयोजित होने वाली इस बैठक में सभी जिलों के जिलाधिकारी (DM), वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP)/पुलिस अधीक्षक (SP), मुख्य विकास अधिकारी (CDO) समेत विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी शामिल होंगे। सूत्रों के अनुसार बैठक में प्रदेश की कानून-व्यवस्था, गर्मी के मौसम में बिजली और पेयजल आपूर्ति की स्थिति, आगामी मॉनसून की तैयारियों, विकास परियोजनाओं की प्रगति तथा केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन की समीक्षा की जाएगी। इसके अलावा हाल ही में राज्य मंत्रिमंडल द्वारा लिए गए महत्वपूर्ण निर्णयों को जमीनी स्तर पर प्रभावी ढंग से लागू करने को लेकर भी अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए जा सकते हैं। हाल के दिनों में प्रदेश के कई क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति को लेकर सामने आई समस्याओं और आगामी वर्षा ऋतु को देखते हुए मुख्यमंत्री स्वयं जिलों से फीडबैक लेना चाहते हैं। बैठक में 18 शहरों में ई-बस संचालन, नई जेलों के निर्माण, मक्का खरीद व्यवस्था तथा अन्य प्रमुख विकास योजनाओं की प्रगति की भी समीक्षा होने की संभावना है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ समय-समय पर वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जिलों की कार्यप्रणाली की समीक्षा करते रहे हैं। इससे योजनाओं की जमीनी स्थिति का आकलन करने के साथ-साथ अधिकारियों की जवाबदेही भी सुनिश्चित होती है। प्रदेश सरकार का उद्देश्य विकास कार्यों में तेजी लाना, जनता को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना तथा कानून-व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाना है।
मुख्यमंत्री योगी आज रात 9 बजे करेंगे सभी जिलों के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक कानून-व्यवस्था, बिजली-पानी, मॉनसून तैयारियों और विकास योजनाओं पर रहेगा फोकस।
News Publisher