सीवान, बिहार/नागेन्द्र सिंहः भाजपा ने राज्य में गिरती कानून व्यवस्था पर विशेष रूप से चिंता जताई और नीतीश सरकार के खिलाफ पंचायत से लेकर सदन तक आंदोलन की प्रतिबद्धता दिखाई। सिवान में रविवार को पार्टी की प्रदेश कार्यसमिति की बैठक के आखिरी दिन प्रदेश अध्यक्ष नित्यानंद राय ने कहा कि भाजपा बिहार के किसानों और कृषि की बदहाली के खिलाफ चरणबद्ध तरीके से संघर्ष करेगी। जेल में बंद राजद के नेता शहाबुद्दीन के गृहनगर में दो दिन तक चली कार्यसमिति के आखिरी दिन पार्टी के निर्णयों की जानकारी देते हुए कहा गया कि बिहार के किसान बदहाल हैं। धान खरीद से लेकर पटवन तक की समुचित व्यवस्था नहीं की जा रही है। किसानों के मुद्दे पर भाजपा ने अलग से कृषि प्रस्ताव पारित किया और छह फरवरी से राज्यव्यापी आंदोलन चलाने का संकल्प लिया। भाजपा ने बढ़ते अपराध पर भी चिंता जाहिर की। नीतीश व लालू प्रसाद पर जेपी के सपने को चकनाचूर करने का आरोप लगाते हुए भाजपा के नेताओं ने कहा कि जेपी ने अपने चेलों को कांग्रेस से दूर रहने को कहा था, लेकिन सत्ता लोभ में दोनों ने अपने आदर्श के साथ ही छल किया। गरीब कल्याण वर्ष के तहत भाजपा हर महीने की 9 तारीख को गरीब बच्चों व महिलाओं को निश्शुल्क स्वास्थ जांच की सुविधा देगी। नंदकिशोर ने कृषि प्रस्ताव पेश किया जिसका समर्थन विनोद नारायण ने किया।
भाजपा के निशाने पर रहेंगे नीतीश कुमार और लालू
News Publisher