रिपोर्टर – रणजीत सिंह, चित्रकूट :- अमावस्या मेले की भीड़ के बीच यातायात व्यवस्था संभाल रहे ट्रैफिक पुलिसकर्मी और बस चालक के बीच विवाद इतना बढ़ गया कि मामला मारपीट तक पहुंच गया। घटना शहर कोतवाली कर्वी क्षेत्र के स्टेशन रोड स्थित पेट्रोल पंप के पास की बताई जा रही है। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक ट्रैफिक कांस्टेबल कैलाश बस चालक को सड़क से बस हटाने के लिए कह रहा था, लेकिन जाम और भीड़ के कारण चालक बस नहीं निकाल पाया। इसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी शुरू हो गई और देखते ही देखते विवाद हाथापाई में बदल गया। घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें दोनों पक्षों के बीच धक्का-मुक्की और मारपीट होती दिखाई दे रही है। वीडियो में बस चालक द्वारा सिपाही का कॉलर पकड़ने की बात भी सामने आ रही है। वहीं मारपीट के दौरान चालक की नाक पर चोट लगने से खून निकल आया। मामला बढ़ने पर मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। इसके बाद बस चालक को पुलिस शहर कोतवाली कर्वी ले गई। ट्रैफिक पुलिस का कहना है कि चालक नशे की हालत में था, जबकि पूरे मामले की जांच की जा रही है। फिलहाल पुलिस दोनों पक्षों के आरोपों की जांच कर रही है।
चित्रकूट में ट्रैफिक सिपाही और बस चालक के बीच मारपीट, सड़क पर घंटों चला हंगामा।
News Publisher