पंचायत चुनाव के लिए सपा-रालोद ने मिलाया हाथ

News Publisher  

ग्रेटर नोएडा, नगर संवाददाता: जिला पंचायत चुनाव में जीत दर्ज करने के लिए समाजवादी पार्टी व राष्ट्रीय लोकदल ने हाथ मिलाया है। दोनों पार्टी के नेता सोमवार को होने वाली प्रेसवार्ता में प्रत्याशी व खाते में आई सीटों की घोषणा करेंगे। गठबंधन से जिला पंचायत की सीटों पर मुकाबला रोचक होने की उम्मीद है।

गौतमबुद्धनगर में जिला पंचायत की पांच सीट है। दूसरे चरण में जिले में 19 अप्रैल को चुनाव होना है। सभी राजनीतिक पार्टियां चुनाव में अपनी पूरी ताकत झोंकने में जुट गई हैं। सीटों पर धीरे-धीरे अपने प्रत्याशियों की घोषणा भी कर रही हैं। सपा व रालोद मिलकर चुनाव लड़ना चाह रहे हैं। इसके लिए कुछ सप्ताह से दोनों दल के नेताओं में जद्दोजहद चल रही थी। सीटों के बंटवारे पर सहमति नहीं बन पा रही थी। रालोद दो सीट चाह रही थी, जबकि सपा उसे सिर्फ एक सीट देने पर ही तैयार थी।

कुछ दिन पूर्व दोनों पार्टी के नेताओं के बीच सीटों के बंटवारे पर लगभग अंतिम सहमति बन गई थी। समझौते व सीटों की घोषणा पर दोनों दल संयुक्त प्रेसवार्ता करने पर सहमत हो गए थे, लेकिन अंतिम समय में दोनों दल पीछे हट गए थे। दोनों दल के बड़े नेताओं के बीच वार्ता के बाद दोबारा से समझौता हुआ है। सूत्रों की मानें तो सपा के खाते में वार्ड नंबर दो, तीन व चार आए हैं। वार्ड नंबर एक व पांच रालोद के खाते में गई है। सपा प्रवक्ता श्याम सिंह भाटी व रालोद जिलाध्यक्ष भूपेंद्र चैधरी ने बताया कि एक साथ मिलकर चुनाव लड़ने पर सहमति बन गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *