दुष्कर्म करने में असफल होने पर की थी बुजुर्ग महिला की हत्या

News Publisher  

दनकौर, उत्तर प्रदेश, नगर संवाददाता: क्षेत्र के एक गांव में करीब डेढ़ माह पहले 50 वर्षीय महिला के सिर पर ईट से हमला कर हत्या कर दी गई थी। पुलिस ने मामले के आरोपित 23 वर्षीय पड़ोसी युवक को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपित ने महिला से दुष्कर्म का प्रयास किया था। असफल होने पर महिला की हत्या की थी।

मूलरूप से हाथरस जिला निवासी बुजुर्ग महिला अपने पति के साथ दनकौर क्षेत्र के एक गांव में कई वर्षों से किराए के मकान में रहती थी। पति राजमिस्त्री और अंडे की ठेली लगाता था। 24 फरवरी को महिला अपने पति के साथ अंडे की ठेली लगाने गई थी। खाना बनाने के लिए वह पति से पहले घर लौट आई। कुछ देर बाद पति भी घर आ गया था, लेकिन कुछ सामान लेने उसे वापस ठेली पर जाना पड़ा। वापस आया, तो घर के बाहर झाड़ियों में महिला का शव मिला। उसके सिर पर ईट से कई वार किए गए थे। मौका मुआयना के बाद पुलिस ने महिला के पति पर हत्या का शक करते हुए जांच शुरू की थी। कुछ संदिग्धों को हिरासत में लेकर भी पूछताछ की गई। पुलिस ने रविवार को मामले का पर्दाफाश करते हुए हत्यारोपित रविद्र उर्फ पप्पी को गिरफ्तार कर लिया। आरोपित काफी समय से पड़ोसी बुजुर्ग महिला से अवैध संबंध बनाने की फिराक में था। 24 फरवरी को उसने महिला को अकेला देखकर संबंध बनाने का प्रयास किया, मगर असफल रहा। महिला मामले की जानकारी अपने पति को न दे, इसलिए उसने महिला की हत्या कर शव झाड़ियों में फेंक दिया था। आरोपित की दो वर्ष पहले शादी हुई थी। पति की हरकतों से परेशान पत्नी उसे छोड़कर चली गई। वह संगीत संचालक के यहां नौकरी करता था।

दनकौर पुलिस ने घटना के बाद महिला के पति पर हत्या की आशंका जाहिर की थी। उसे कई बार पूछताछ के लिए कोतवाली भी बुलाया। पुलिस उसका लाइ डिटेक्टर टेस्ट भी कराना चाहती थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *