नोएडा, नगर संवाददाता: बरौला गांव में मंगलवार देर रात भाजपा नेत्री के पति ने रस्सी से फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। पत्नी उससे बिना पूछे पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ वृंदावन चली गई थी। पुलिस को मृतक के पास कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। बरौला गांव में 40 वर्षीय विनोद कुमार अपने दो बच्चों और पत्नी के साथ रहते थे। वह निजी बैंक में काम करते थे। उनकी पत्नी दया लखेरा भाजपा नेत्री हैं। सेक्टर-49 थाना प्रभारी ने बताया कि विनोद की पत्नी दया लखेरा मंगलवार सुबह पार्टी के कार्यकर्ताओं के साथ वृंदावन चली गई थी। वृंदावन जाने के बारे में दया ने अपने पति से नहीं पूछा था। जब वह ऑफिस से आए तो उन्हें जानकारी मिली। इसी को लेकर विनोद कुमार नाराज हो गए। उन्होंने रात को अपने कमरे में पंखे से फंदा लगाकर खुदकुशी कर ली। सुबह जब वह कमरे से बाहर नहीं आए तो बच्चों ने दरवाजा खोला। विनोद का शव पंखे से बंधी रस्सी से लटका था। इसके बाद परिजन उन्हें निजी अस्पताल लेकर पहुंचे। यहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। अस्पताल से पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस को मृतक की पत्नी ने बताया कि विनोद उनके बिना पूछे वृंदावन जाने से नाराज थे। पुलिस अन्य पहलुओं पर भी मामले की जांच कर रही है। पुलिस को मृतक के पास कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। वहीं, सेक्टर-20 क्षेत्र में रहने वाले 26 वर्षीय टिंकू की संदिग्ध अवस्था में मौत हो गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
युवक ने फंदा लगाकर जान दी
News Publisher