रिहायशी सेक्टर में चल रहे पीजी, कार्रवाई करने की मांग

News Publisher  

मानेसर, नगर संवाददाता: आइएमटी मानेसर में हरियाणा स्टेट इंडस्ट्रियल इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट कारपोरेशन (एचएसआइआइडीसी) द्वारा विकसित रिहायशी सेक्टर में चल रहे पेइंग गेस्ट (पीजी) पर कार्रवाई करने की मांग की गई है। सेक्टर एक की आरडब्ल्यूए के माध्यम से स्थानीय लोगों ने एचएसआइआइडीसी के प्रबंधक निदेशक को पत्र लिखा है।

सेक्टर एक आरडब्ल्यूए के अध्यक्ष शशि यादव ने बताया कि सेक्टर में काफी भवनों में नियमों के खिलाफ पीजी चलाए जा रहे हैं। इनके कारण स्थानीय लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इस बारे में कई बार शिकायत दी जा चुकी है, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई है। पीजी में रहने वाले लोग रात के समय तेज आवाज में संगीत बजाते हैं और शराब पीकर अभद्र भाषा का प्रयोग करते हैं। इससे यहां रहने वाली महिलाओं को काफी दिक्कत होती है।

पीजी में रहने वाले लोगों की कोई पुलिस वेरिफिकेशन भी नहीं कराई जा रही है। कोई भी व्यक्ति यहां आसानी से रह सकता है। पिछले दिनों दो बदमाशों को भी मानेसर से गिरफ्तार किया गया था। आरडब्ल्यूए के सदस्यों का कहना है कि रिहायशी सेक्टर में कमर्शियल गतिविधियों को भी मंजूरी नहीं है, लेकिन पीजी चलाए जा रहे हैं। पीजी संचालक घरेलू कर अदा करके कमर्शियल कार्य कर रहे हैं। पीजी में अन्य नियमों का पालन भी नहीं किया जा रहा है।

करीब दो साल पहले एक पीजी में आग लगने से एक युवती सबसे ऊपरी मंजिल पर फंस गई थी। युवती को स्थानीय लोगों द्वारा शीशा तोड़कर बाहर निकाला था। ऐसे ही यहां आने वाले लोग जल्दी-जल्दी बदलते रहते हैं। ऐसे में इनकी पहचान भी नहीं हो पाती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *