रिपोर्टर – नज़ीर मुलाणी, वसई (पालघर), महाराष्ट्र:- नालासोपारा, पेल्हार में महा मायनॉरिटी एनजीओ फोरम की ओर से अल्पसंख्यक समाज की विभिन्न समस्याओं तथा सरकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर आयोजित भव्य मार्गदर्शन सम्मेलन उत्साहपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ। यह कार्यक्रम पेल्हार स्थित हबीब पठाण के निवास स्थान पर आयोजित किया गया था। कार्यक्रम का प्रमुख आयोजन हबीब पटेल साहब द्वारा किया गया। इस अवसर पर वसई, विरार और नालासोपारा क्षेत्र के अनेक सामाजिक कार्यकर्ता, पदाधिकारी और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। सभी ने अल्पसंख्यक समाज के विकास और अधिकारों के लिए एकजुट होकर कार्य करने का संकल्प व्यक्त किया। कार्यक्रम में ज़ाकिर शिकलगार (संस्थापक अध्यक्ष), डॉ. असलम बारी (कार्याध्यक्ष), सादिक शेख (प्रदेश अध्यक्ष), इरफान सैयद (सचिव), मोहसीन शेख (सहसचिव) तथा गजाला आज़ाद (महिला प्रदेश अध्यक्ष) ने उपस्थित जनसमूह को मार्गदर्शन प्रदान किया। अपने संबोधन में पदाधिकारियों ने अल्पसंख्यक समाज के लिए केंद्र एवं राज्य सरकार द्वारा चलाई जा रही विभिन्न शैक्षणिक, सामाजिक और आर्थिक योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने कहा कि इन योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुँचाने के लिए संगठन लगातार प्रयास और प्रशासनिक स्तर पर निरंतर फॉलो-अप करेगा। वक्ताओं ने कहा कि सरकारी योजनाएँ केवल कागज़ों तक सीमित न रहें, बल्कि उनका वास्तविक लाभ समाज के जरूरतमंद लोगों तक पहुँचना चाहिए। इसके लिए युवाओं, महिलाओं, विद्यार्थियों और सामाजिक संगठनों को एकजुट होकर कार्य करना होगा। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि संगठित प्रयास, निरंतर जनजागृति और प्रशासन के साथ समन्वय के माध्यम से अल्पसंख्यक समाज की कई लंबित समस्याओं का समाधान संभव है। इस अवसर पर यह भी घोषणा की गई कि भविष्य में अल्पसंख्यक समाज को सरकारी सुविधाओं, छात्रवृत्तियों, प्रशिक्षण योजनाओं, आर्थिक विकास महामंडल की योजनाओं तथा अन्य कल्याणकारी कार्यक्रमों का लाभ दिलाने के लिए व्यापक जनजागरण अभियान चलाया जाएगा।
कार्यक्रम के समापन पर उपस्थित सभी गणमान्य व्यक्तियों ने अल्पसंख्यक समाज के सर्वांगीण विकास के लिए एकजुट होकर कार्य करने का संकल्प लिया। आयोजकों ने कार्यक्रम को सफल बनाने में सहयोग देने वाले सभी पदाधिकारियों, समाजबंधुओं और उपस्थित नागरिकों का आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर पत्रकार नज़ीर मुलाणी तथा फारूक शाह भी विशेष रूप से उपस्थित रहे।
अल्पसंख्यक समाज के अधिकारों के लिए एकजुटता का संकल्प; पेल्हार में भव्य मार्गदर्शन सम्मेलन उत्साहपूर्वक संपन्न|
News Publisher