समय पूरा कर चुके उप निरीक्षकों का तबादला, रायबरेली से अयोध्या भेजे गए 29 दारोगा।

News Publisher  

रिपोर्टर – रणजीत सिंह, रायबरेली :- उत्तर प्रदेश पुलिस विभाग में लंबे समय से एक ही जनपद में तैनात उप निरीक्षकों के तबादले की प्रक्रिया के तहत रायबरेली से 29 उप निरीक्षकों (दारोगाओं) का स्थानांतरण अयोध्या परिक्षेत्र में कर दिया गया है। शासन द्वारा जारी सूची में उन उप निरीक्षकों को शामिल किया गया है जिन्होंने अपने वर्तमान जनपद में निर्धारित समयावधि पूरी कर ली थी। जारी आदेश के अनुसार इन उप निरीक्षकों को रायबरेली से हटाकर अयोध्या परिक्षेत्र के विभिन्न जिलों में नई तैनाती दी गई है। तबादला सूची सामने आने के बाद पुलिस विभाग में हलचल तेज हो गई है। संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को जल्द ही नई तैनाती स्थल पर कार्यभार ग्रहण करने के निर्देश दिए गए हैं। तबादला सूची में प्रयागराज, कानपुर देहात, प्रतापगढ़, गोंडा, वाराणसी, गाजीपुर, इटावा, बलिया, जालौन, देवरिया, कानपुर नगर, बहराइच, फतेहपुर, मुजफ्फरपुर सहित कई जनपदों के मूल निवासी उप निरीक्षक शामिल हैं, जो वर्तमान में रायबरेली में तैनात थे। शासन की नीति के अनुसार एक ही स्थान पर लंबे समय से जमे पुलिस कर्मियों का समय-समय पर स्थानांतरण किया जाता है ताकि प्रशासनिक व्यवस्था सुचारु बनी रहे। सूची में शामिल प्रमुख नामों में सुरेश चंद्र, जगमोहन, महेंद्र कुमार, अरुण कुमार सिंह, हुकुम सिंह, तौफीक हुसैन, अरविंद कुमार यादव, सुभाष राम, भारत सिंह, धर्मेंद्र सिंह, रामराज सिंह, राम बच्चा राम, मोहन सिंह, सुनील कुमार तिवारी, विनोद कुमार चौरसिया, रामवीर सिंह, राघवेंद्र सिंह, महेंद्र नाथ पांडेय, राम कृष्ण मिश्रा, अर्जुन कुमार पांडेय, विश्राम दयाल सिंह समेत कई अन्य उप निरीक्षक शामिल हैं। विभागीय सूत्रों के अनुसार यह तबादले प्रशासनिक दृष्टि से किए गए हैं और आने वाले दिनों में अन्य जनपदों में भी इसी प्रकार की कार्रवाई देखने को मिल सकती है। पुलिस विभाग का मानना है कि समयबद्ध तबादलों से कार्य प्रणाली में पारदर्शिता और अनुशासन बनाए रखने में मदद मिलती है। तबादले की सूचना मिलते ही संबंधित पुलिसकर्मियों ने अपने दस्तावेज और कार्यभार हस्तांतरण की प्रक्रिया शुरू कर दी है। वहीं पुलिस विभाग के अधिकारियों का कहना है कि सभी स्थानांतरित उप निरीक्षकों को निर्धारित समय के भीतर नई तैनाती स्थल पर पहुंचकर योगदान देना होगा।