BHU हॉस्टल मेस में चिकन करी में मिली मरी हुई छिपकली, छात्रों में हड़कंप।

News Publisher  

रिपोर्टर – रणजीत सिंह, वाराणसी, बनारस :- हिंदू विश्वविद्यालय (BHU) के डालमिया हॉस्टल में बुधवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब मेस में परोसी गई चिकन करी में चिकन पीस की जगह मरी हुई छिपकली दिखाई पड़ी। घटना सामने आते ही हॉस्टल परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और छात्रों में भारी नाराजगी देखने को मिली। बताया जा रहा है कि रात के खाने के दौरान छात्र मेस में भोजन कर रहे थे। इसी दौरान एक छात्र की नजर चिकन करी में पड़ी मरी हुई छिपकली पर गई। देखते ही देखते यह खबर पूरे हॉस्टल में फैल गई और बड़ी संख्या में छात्र मेस के बाहर इकट्ठा हो गए। घटना के बाद कई छात्रों ने उल्टी, मितली और बेचैनी की शिकायत की। छात्रों का आरोप है कि मेस में लंबे समय से खाने की गुणवत्ता को लेकर शिकायतें की जा रही थीं, लेकिन प्रशासन ने इस ओर गंभीरता नहीं दिखाई। इस घटना के बाद छात्रों का गुस्सा फूट पड़ा और उन्होंने मेस प्रबंधन के खिलाफ जमकर विरोध प्रदर्शन किया। छात्रों ने विश्वविद्यालय प्रशासन से मेस संचालन की जांच कराने, जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई करने और खाने की गुणवत्ता सुनिश्चित करने की मांग की है। वहीं घटना की जानकारी मिलने के बाद विश्वविद्यालय प्रशासन और संबंधित अधिकारी मौके पर पहुंचे तथा छात्रों को समझाने का प्रयास किया। फिलहाल मामले की जांच शुरू कर दी गई है। विश्वविद्यालय प्रशासन का कहना है कि छात्रों के स्वास्थ्य को प्राथमिकता देते हुए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।