रिपोर्टर : मोनोज तालुकदार, गुवाहाटी, असम, 15 जनवरी बजाली के पत्रकारों का एक अत्यंत पुराना संगठन, पाठशाला प्रेस क्लब ने पहले माघ के दिन एक अनोखी पहल की। बजाली के सामाजिक जीवन में कला-संस्कृति, साहित्य, व्यवसाय आदि क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाले और सामाजिक दायित्व का निर्वहन कर रहे चार प्रतिष्ठित व्यक्तियों के घर जाकर उन्हें गमोसा और शुभकामना संदेश भेंट कर सम्मानित किया गया। पाठशाला प्रेस क्लब के अध्यक्ष कल्याण कलिता, सचिव अखिल काकति, पूर्व अध्यक्ष पुलु कुमार शर्मा, कैलास चौधुरी, पूर्व सचिव हीरें कलिता, रंजीत दास, वरिष्ठ पत्रकार प्रणव कुमार गोस्वामी, सदस्य गणेश अग्रवाल, निकुंज काकति, कल्याण पाटगिरी, बनजीत पाटगिरी सहित एक प्रतिनिधिमंडल ने सुबह के समय सर्वप्रथम 91 वर्षीय प्रसिद्ध नामती गायत्री देवी चौधुरी के आवास पर पहुंचकर उन्हें प्रणाम किया तथा गमोसा और शुभकामनाओं के साथ भोगाली की बधाई दी। प्रतिनिधिमंडल ने वरिष्ठ नामती के कुशल-क्षेम की जानकारी लेने के साथ-साथ उनका आशीर्वाद भी प्राप्त किया। इसके बाद प्रतिनिधिमंडल असम गौरव एवं आवाहन थिएटर के संस्थापक निर्माता तथा असम के सांस्कृतिक जगत के अग्रणी व्यक्तित्व कृष्ण राय के आवास पर पहुंचकर उन्हें शुभकामनाएं दीं और आशीर्वाद लिया। व्यापारिक क्षेत्र के साथ-साथ सामाजिक कार्यों से जुड़े एक अन्य व्यक्ति सुभाष अग्रवाल के आवास पर जाकर भी उन्हें भोगाली की शुभकामनाएं दी गईं। इसके पश्चात प्रतिनिधिमंडल विशिष्ट लेखक, पूर्व पत्रकार एवं अभिनेता प्रबोध शर्मा के मुगुरिया स्थित आवास पर पहुंचकर उन्हें भी भोगाली की बधाई दी और आशीर्वाद ग्रहण किया। पाठशाला प्रेस क्लब केवल समाचारों तक सीमित न रहकर समाज के उत्थान के लिए समय-समय पर सामाजिक दायित्व से जुड़े कार्य करता आया है और भविष्य में भी ऐसे कार्य करता रहेगा। यह जानकारी क्लब के पूर्व अध्यक्ष पुलु कुमार शर्मा, अध्यक्ष कल्याण कलिता और सचिव अखिल काकति ने देते हुए कहा कि आने वाले समय में छात्रों और किसानों को लेकर भी विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
सामाजिक दायित्व की मिसाल : पहले माघ पर पाठशाला प्रेस क्लब ने किया विशिष्ट जनों का सम्मान।
News Publisher