बदहाल रास्ते से परेशान हैं देवेंद्रपुरी के लोग

News Publisher  

मोदीनगर, नगर संवाददाता: देवेंद्रपुरी कालोनी का रास्ता सालों से बदहाल है। लोग काफी समय से इसकी मरम्मत कराने की मांग कर रहे हैं, लेकिन जल निगम की नींद नहीं टूट रही है। हालत यह है कि कार्यदायी संस्था ने रास्ते में मलबा और निर्माण सामग्री डाल रखी है जिससे लोगों का घरों से निकलना भी मुश्किल हो गया है। अब लोग इसको लेकर आंदोलन का मन बना रहे हैं।

पिछले करीब तीन साल से जल निगम शहर में सीवरेज पाइपलाइन डालने का काम कर रही है। देवेंद्रपुरी कालोनी में भी सालों से काम चल रहा है। जहां काम पूरा हो चुका है वहां के रास्ते बनाने की जिम्मेदारी भी जल निगम की है, लेकिन कार्यदायी संस्था ने ऐसा नहीं किया। स्थिति यह है कि रास्ते खुर्द-बुर्द हो चुके हैं। गहरे-गहरे गड्ढे होने से रोज हादसे हो रहे हैं।

लोगों के घरों के बाहर मलबा और निर्माण सामग्री महीनों से पड़ी हैं, लेकिन उसे उठाने की जरूरत नहीं समझी गई है। अब हालत यह हो गई कि कालोनी में लोगों के परिचित और रिश्तेदार भी आने से कतराने लगे हैं। थोड़ी सी बारिश होने पर रास्ता में कीचड़ हो जाती है। यह स्थिति तब है कि जब कालोनी के सभासद से लेकर स्थानीय लोग प्रशासन और जल निगम के अधिकारियों से कई बार गुहार लगा चुके हैं। लोगों ने पिछले दिनों इसको लेकर हंगामा भी किया था। लोगों में जल निगम के इस उदासीन रवैये को लेकर भारी रोष है। इस बारे में एसडीएम आदित्य प्रजापति का कहना है कि मामले में जल निगम के अधिकारियों से बात की जाएगी। समस्या जानकारी में है, इसका समाधान कराया जाएगा। वर्जन

जल निगम के कारण लोगों का जीवन नारकीय हो चुका है। महीनों से लोग परेशानी झेल रहे हैं, लेकिन जल निगम को इससे कोई लेना-देना नहीं है। इसको लेकर अब आंदोलन किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *