बदमाशों ने चैकीदार को सुए से घायल किया

News Publisher  

नई दिल्ली, नगर संवाददाता: वजीरपुर इंडस्ट्रियल एरिया इलाके में चोरी करने घुसे बदमाशों ने सिक्योरिटी गार्ड संजय सिंह को सुआ घोपकर गंभीर रूप से घायल कर दिया। घटना बुधवार देर रात की है। घायल को एम्स ट्रामा सेंटर में भर्ती कराया गया है। इसी इलाके में कुछ समय पहले चोरी का विरोध करने पर बदमाशों ने सिक्योरिटी गार्ड की हत्या कर दी थी।

जानकारी के अनुसार, वजीरपुर इंडस्ट्रियल एरिया के ए ब्लाक स्थित परिसर में चार मंजिला इमारत है। इसमें संजय सिक्योरिटी गार्ड का काम करता है। बुधवार देर रात करीब दो बजे दो युवकों ने फैक्ट्री का मुख्य गेट खटखटाया। इमारत में कई फैक्टरियां चलती हैं यही कारण है कि संजय ने मजदूर समझकर दरवाजा खोल दिया। दोनों युवक अंदर जाने के बजाय इधर-उधर घूमने लगे तो सिक्योरिटी गार्ड ने टोका। इसी बात पर दोनों ने गार्ड को पकड़कर सीने और पेट पर सुए से चार बार वार किए और फरार हो गए। गार्ड ने मालिक को फोन कर घटना की सूचना दी। करीब ढाई बजे अशोक विहार पुलिस को घटना की सूचना दी गई। गार्ड को पहले दीपचंद बंधु अस्पताल में भर्ती कराया गया लेकिन हालत गंभीर होने पर उसे एम्स ट्रामा सेंटर भेज दिया गया। अशोक विहार पुलिस ने गुरुवार को घायल संजय का बयान भी ले लिया है। साथ ही एफआईआर दर्ज कर आरोपियों की तलाश की जा रही है। इससे पहले मंगलवार तड़के आजादपुर सब्जी मंडी में चोरी करने के आरोप में दो युवकों की पीट पीटकर हत्या कर दी गई थी। वजीरपुर इंडस्ट्रियल एरिया के स्थानीय लोगों का कहना है कि रात दो बजे से सुबह पांच बजे के बीच घरों एवं दुकानों में चोरियों की वारदातें होती हैं, लेकिन पुलिस की गश्त इस दौरान नदारत रहती है। इसी इलाके में चोरों ने विरोध करने पर गार्ड की हत्या भी कर दी थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *