महिला की ईंट से कुचल कर हत्या

News Publisher  

दनकौर, नगर संवाददाता: दनकौर कोतवाली के चपरगढ़ गांव में मंगलवार की देर रात महिला की ईंट से कुचल कर हत्या कर दी गई। पुलिस ने महिला के शव को पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। पुलिस हत्या का मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश कर रही है।

हाथरस जनपद के सासनी थाने के बररिया गांव का गिरेंद्र सिंह अपनी पत्नी उर्मिला 50 के साथ पिछले 15 साल से चपरगढ़ गांव में किराए के मकान में रहता था। वह चपरगढ़ अंडरपास पर ठेली लगाता था। मंगलवार की देर शाम वह अपना कामकाज निपटा कर घर पहुंचा तो उसे पत्नी घर पर नहीं मिली। गिरेंद्र ने अपनी पत्नी की तलाश की तो एक पेड़ के नीचे वह लहूलुहान अवस्था में बेहोश पड़ी थी। 100 नंबर पर कॉल करने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और महिला को अस्पताल में भर्ती कराया। जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। दनकौर पुलिस ने अस्पताल में महिला के शव का पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। महिला के पति गिरेंद्र की रिपोर्ट पर मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस हत्यारों की तलाश कर रही है।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार हत्या का कोई कारण अभी तक स्पष्ट तो नहीं है। लेकिन हत्या की शक की सुई महिला के पति के इर्द-गिर्द ही घूम रही है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि महिला के पति के कपड़ों पर खून के निशान पाए गए हैं। मामले की गहनता से पड़ताल की जा रही है। जल्द ही मामले का खुलासा किया जाएगा।

घटनास्थल का फॉरेंसिक टीम और डॉग स्क्वायड ने निरीक्षण किया है। पुलिस ने घटना के संबंध में काफी साक्ष्य जुटाए हैं। डीसीपी राजेश कुमार, एडिशनल डीसीपी विशाल पांडे,एसीपी सहित कई पुलिस के अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया है।

महिला की हत्या का मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस को उसके पति पर शक है। जल्दी ही खुलासा किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *