सुरक्षा कारणों से चार मेट्रो स्टेशन बंद रहे

News Publisher  

नई दिल्ली, नगर संवाददाता: सुरक्षा कारणों से ग्रीन लाइन के चार मेट्रो स्टेशन सोमवार को करीब साढ़े सात घंटे तक बंद रहे। वहीं, ब्लू लाइन पर भी मेट्रो सेवा प्रभावित रहने से यात्रियों को गंतव्य स्थल तक पहुंचने में परेशानी हुई। यात्रियों की सुविधा के लिए दिल्ली मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन द्वारा यह जानकारी ट्विटर अकाउंट पर भी दी गई थी। दिल्ली मेट्रो के ट्वीट के अनुसार, सुबह पौने दस बजे के करीब ग्रीन लाइन के ब्रिगेडियर होशियार सिंह, बहादुरगढ़ सिटी, पंडित श्री राम शर्मा और टीकरी बॉर्डर मेट्रो स्टेशन के प्रवेश और निकासी द्वार को यात्रियों के लिए बंद किया गया। वहीं, शाम साढ़े पांच के करीब इन स्टेशनों के प्रवेश और निकासी द्वार यात्रियों के लिए खोल दिए गए। दिल्ली मेट्रो की ब्लू लाइन पर सुबह 11 बजे द्वारका सेक्टर 21 और वैशाली/नोएडा इलेक्ट्रॉनिक सिटी के बीच मेट्रो की सेवा प्रभावित रही। यात्रियों की सुविधा के लिए यह जानकारी मेट्रो ने ट्वीट करके भी दी। दिल्ली मेट्रो के अनुसार, ब्लू लाइन पर सिग्नल संबंधी दिक्कत की वजह से मेट्रो की सेवा प्रभावित हुई थी। करीब एक बजे मेट्रो की सेवा ब्लू लाइन पर सामान्य होने की जानकारी मेट्रो ने ट्वीट करके दी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *