संवाददाता:-रामलाल वी. सुथार, सिरोही (राजस्थान):- कैलाश नगर से आएगी भगवान श्री कृष्ण शालिग्राम की बारात, महोत्सव में 10 हजार श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना सिरोही जिले के कालंद्री के निकट फुगणी गांव में स्थित श्री 108 सोपाजी महाराज के समाधि स्थल पर सात दिवसीय तुलसी विवाह महोत्सव श्रद्धा एवं उत्साह के साथ आयोजित किया जा रहा है। समस्त भाविक मंडल एवं समस्त ग्रामवासियों के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस धार्मिक महोत्सव को लेकर क्षेत्र के श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखने को मिल रहा है। आयोजन के तहत 14 नवंबर को समस्त भाविक मंडल एवं ग्रामवासियों की उपस्थिति में शुभ मुहूर्त के अनुसार तुलसी विवाह की लग्न कंकोत्री एवं पत्रिका लेखन का कार्यक्रम विधि-विधान के साथ संपन्न हुआ। इस अवसर पर भगवान श्रीकृष्ण शालिग्राम की बारात के आगमन को लेकर भी विशेष तैयारियां की गई हैं। भगवान श्रीकृष्ण शालिग्राम की बारात सिरोही जिले के जावाल के निकट कैलाश नगर गांव स्थित ठाकुरद्वारा से फुगणी पहुंचेगी वहीं कैलाश नगर में भी लग्न कंकोत्री का पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ स्वागत किया गया। गुरुदेव धाम श्री भीगिरीजी की झोपड़ी धाम पर कैलाश नगर के समस्त ग्रामवासियों ने गुरु देव श्री केवलगिरीजी महाराज के पावन सान्निध्य में शुभ मुहूर्त के अनुसार कंकोत्री एवं लग्न पत्रिका का स्वागत किया। पिछले तीन दिनों से तुलसी विवाह महोत्सव के अंतर्गत धार्मिक कार्यक्रम धूमधाम से चल रहे हैं। विवाह की रस्मों में राजस्थान की पारंपरिक रीति-रिवाजों के अनुसार मांगलिक गीतों एवं भक्ति संगीत की विशेष छटा देखने को मिल रही है। आसपास के गांवों से पहुंच रही मातृशक्ति एवं श्रद्धालुओं द्वारा रातभर भजन-कीर्तन किया जा रहा है, जिससे पूरा वातावरण भक्तिमय बना हुआ है। आयोजन के तहत 19 नवंबर की रात्रि को भव्य महा रात्रि कार्यक्रम रखा गया है। इसमें गाजे-बाजे के साथ विवाह की पारंपरिक रस्में, रासलीला, लोकगीत एवं श्रद्धालुओं द्वारा भजनों की प्रस्तुतियां दी जाएंगी। आयोजन से जुड़े सूत्रों के अनुसार 20 नवंबर को सुबह शुभ मुहूर्त में तुलसी विवाह का मुख्य कार्यक्रम संपन्न होगा। इस अवसर पर आसपास के गांवों सहित दूर-दराज के क्षेत्रों से करीब 10 हजार श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना जताई जा रही है। तुलसी विवाह के उपलक्ष्य में 20 नवंबर को महाप्रसादी का आयोजन भी रखा गया है। सात दिवसीय इस धार्मिक महोत्सव को लेकर फुगणी गांव सहित आसपास के क्षेत्रों में भक्तिमय माहौल बना हुआ है।
फुगणी में सात दिवसीय तुलसी विवाह महोत्सव की धूम, 20 नवंबर को होगा भव्य विवाह आयोजन|
News Publisher