चुराह को अनारक्षित करने की मांग पकड़ने लगी जोर।

News Publisher  

रिपोर्टर : अवतार सिंह, जिला चम्बा के विधानसभा क्षेत्र चुराह को अनारक्षित करने की मांग जोर पकड़ने लगी है। सोमवार को हलके के विभिन्न संगठनों का प्रतिनिधिमंडल डी.सी. मुकेश रेप्सवाल से मिला। उनके माध्यम से एक मांग पत्र राज्यपाल को प्रेषित किया है। इसमें मिशन ओपन विधानसभा चुराह के चेयरमैन नारायण सिंह ने बताया कि बीते कई दशकों से विधानसभा क्षेत्र चुराह अनुसूचित जाति के उम्मीदवार के लिए आरक्षित रहा है। कई बार इस सीट को अनारक्षित करने की मांग उठाई जा चुकी है, लेकिन अब तक यह मांग पूरी नहीं हो पाई है। यदि यह सीट अनारक्षित होती है तो अन्य वर्गों के लोगों को भी चुनाव विधानसभा क्षेत्र का प्रतिनिधित्व करने का अवसर मिलेगा। उन्होंने बताया कि वर्ष 2026 में परिसीमन प्रस्तावित है। इसलिए 2027 में होने वाले विधानसभा चुनावों के लिए चुराह विधानसभा क्षेत्र को अनारक्षित किया जाए। इस मौके पर राजपूत कल्याण सभा चम्बा के अध्यक्ष नरेंद्र सम्बयाल व धुंध खरोट वैल्फेयर सोसायटी सहित विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधि मौजूद रहे।