25 से कम विद्यार्थियों वाले स्कूलों को बंद करने की तैयारी

News Publisher  

गुरुग्राम, नगर संवाददाता: हरियाणा राज्य में 25 से कम विद्यार्थी वाले प्राइमरी स्कूलों को बंद करने की तैयारी है। कम छात्रों वाले 743 प्राथमिक स्कूलों और 314 मिडिल स्कूलों को भी आसपास के विद्यालयों में समायोजित किए जाने को लेकर रिपोर्ट तैयार की जा रही। ऐसे में इन स्कूलों में पढ़ रहे बच्चों को एक किलोमीटर के दायरे में संचालित दूसरे राजकीय प्राथमिक स्कूलों में शिफ्ट किया जाएगा औैर यहां तैनात 1304 जेबीटी शिक्षकों को दूसरे स्कूलों में भेजा जाएगा।

शिक्षा विभाग की ओर से कम विद्यार्थियों की संख्या वाले स्कूलों की सूची भी जारी की है, जिसमें गुरुग्राम जिला के 32 प्राथमिक स्कूल और 11 मिडिल स्कूल शामिल हैं। महानिदेशक मौलिक शिक्षा हरियाणा ने राज्य के सभी जिला मौलिक शिक्षा अधिकारियों को पत्र भेजकर निर्देश दिए हैं कि 25 से कम विद्यार्थी संख्या वाले स्कूलों एक किलोमीटर में जिन नजदीकी स्कूलों में मर्ज किया जा सकता है, उनकी रिपोर्ट तैयार करके 3 दिन में भेजें।

एक किलोमीटर के अंदर ही होंगे शिफ्ट
जिन प्राथमिक और मिडिल स्कूलों में विद्यार्थियों की संख्या 25 से कम है, उन्हीं सरकारी स्कूलों को दूसरे स्कूलों में मर्ज करने की तैयारी है। अगर कम संख्या वाले किसी प्राथमिक या मिडिल स्कूल से दूसरा स्कूल एक किलोमीटर से अधिक दूरी पर है तो नियमों के अनुसार उन स्कूलों को बंद करके मर्ज नहीं किया जा सकता है। जिला स्तर पर रिपोर्ट तैयार होने के बाद ही यह निर्णय हो सकेगा कि गुरुग्राम जिले में कितने प्राथमिक और मिडिल स्कूलों में विद्यार्थियों की संख्या कम है।

सरकारी स्कूलों में घटी बच्चों की संख्या
कोविड-19 के कारण लॉकडाउन लगने के बाद रोजगार या नौकरी छूटने के कारण गुरुग्राम जिला से काफी परिवार अपने-अपने प्रदेशों को लौट गए थे। लॉकडाउन खुलने के बाद भी काफी परिवार गुरुग्राम वापस नहीं लौटे। वहीं, कई लोग रोजगार या नौकरी करने गुरुग्राम आ चुके हैं लेकिन अपने परिवारों को गांव में ही छोड़कर आएं ताकि परेशानी न हो। इन मध्यम वर्ग व गरीब तबके के ज्यादातर परिवारों के बच्चे सरकारी स्कूलों में ही पढ़ते थे। ऐसे में लोगों के वापस नहीं आने के कारण स्कूलों में उनके दाखिले नहीं हो सके और विद्यार्थियों की संख्या में कमी आई है।

जिला मौलिक शिक्षा अधिकारी प्रेमलता यादव ने कहा कि विभाग की ओर से स्कूलों की सूची आई है और रिपोर्ट मांगी है। विभाग ने विद्यार्थियों की संख्या एमआईएस पोर्टल से ली है। ऐसे में जिला स्तर पर स्कूलों में विद्यार्थियों की संख्या को देखा जाएगा और रिपोर्ट विभाग को भेजी जाएगी। जिन स्कूलों से दूसरे स्कूल एक किलोमीटर से दूरी पर हैं, उन स्कूलों को मर्ज नहीं किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *