रक्षाबंधन पर महिलाओं को फ्री बस यात्रा का तोहफा, बाढ़ प्रभावित जिलों में अलर्ट रहने के निर्देश।

News Publisher  

रिपोर्टर – रणजीत सिंह, उत्तर प्रदेश :- मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रक्षाबंधन के अवसर पर प्रदेश की माताओं, बहनों और बेटियों को बड़ी सौगात दी है। मुख्यमंत्री के निर्देश पर 27 अगस्त की रात से 28 अगस्त की रात तक उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम की बसों में महिला यात्री एक सहयोगी के साथ निःशुल्क यात्रा कर सकेंगी। सरकार ने महिलाओं की यात्रा को सुरक्षित और सुगम बनाने के लिए परिवहन विभाग, पुलिस एवं प्रशासन को आपसी समन्वय से आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि रक्षाबंधन के दौरान बहनों को अपने घर पहुंचने में किसी तरह की परेशानी न हो। बसों में भीड़ और यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए संबंधित विभागों को सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही एंटी रोमियो स्क्वॉड को सक्रिय रखने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि महिलाओं की सुरक्षा से जुड़ी किसी भी शिकायत पर तत्काल कार्रवाई की जा सके। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश के 19 बाढ़ प्रभावित जनपदों की स्थिति की समीक्षा करते हुए सभी जिलाधिकारियों को पूरी तरह अलर्ट रहने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जिला स्तर पर कंट्रोल रूम लगातार सक्रिय रखा जाए और बाढ़ प्रभावित प्रत्येक परिवार तक समय से राहत सामग्री पहुंचाई जाए।मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को पर्याप्त मात्रा में पका हुआ भोजन और सूखा खाद्यान्न उपलब्ध कराने तथा राहत सामग्री का व्यवस्थित वितरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। प्रभारी मंत्रियों को अपने-अपने क्षेत्रों में पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्यों का स्थलीय निरीक्षण करने को भी कहा गया है। मुख्यमंत्री ने नदी कटान वाले क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि जहां नदी की धारा आबादी की ओर बढ़ रही है अथवा नदी का रुख बदल रहा है, वहां स्थिति को देखते हुए समय रहते आवश्यक कदम उठाए जाएं और जरूरत पड़ने पर ड्रेजिंग कराई जाए। बाढ़ के कारण क्षतिग्रस्त मकानों से प्रभावित परिवारों को राहत देने के लिए उन्हें भूमि का पट्टा उपलब्ध कराने तथा मुख्यमंत्री आवास योजना के तहत आवास उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए गए हैं। मुख्यमंत्री ने प्रदेश में चीनी की उपलब्धता की भी समीक्षा की। उन्होंने कहा कि प्रदेश में पर्याप्त मात्रा में चीनी का स्टॉक उपलब्ध है और यह लगभग छह माह की आवश्यकता के अनुरूप है। ऐसे में आमजन को किसी भी तरह चिंतित होने की आवश्यकता नहीं है। मुख्यमंत्री ने जिलाधिकारियों को चीनी की उपलब्धता और बाजार मूल्य पर लगातार नजर रखने के निर्देश दिए। साथ ही कालाबाजारी, जमाखोरी और कृत्रिम अभाव पैदा करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने को कहा गया है। मुख्यमंत्री ने विद्यालयों में बच्चों को बेहतर सुविधाएं और अच्छा शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराने पर भी जोर दिया। उन्होंने जिलाधिकारियों को स्कूलों का नियमित निरीक्षण करने के निर्देश दिए हैं। निरीक्षण के दौरान मिड-डे मील, बालक-बालिकाओं के लिए शौचालय, कक्षाओं की स्थिति और अन्य मूलभूत सुविधाओं की स्थलीय जांच कराने को कहा गया है। साथ ही बाल वाटिकाओं का संचालन सुनिश्चित करने और विद्यालयों में पठन-पाठन का बेहतर वातावरण बनाए रखने के निर्देश दिए गए हैं।मुख्यमंत्री ने स्कूल-कॉलेजों से संबंधित भ्रामक वीडियो प्रसारित करने वालों के खिलाफ भी कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। अधिकारियों को सोशल मीडिया पर प्रसारित होने वाली ऐसी सामग्री पर नजर रखने और भ्रामक जानकारी फैलाकर भ्रम की स्थिति पैदा करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया है। मुख्यमंत्री के इन निर्देशों के बाद प्रदेश के प्रशासनिक अमले को रक्षाबंधन, बाढ़ राहत, खाद्य पदार्थों की उपलब्धता, महिला सुरक्षा और शिक्षा व्यवस्था को लेकर विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए हैं।