रायबरेली में भाजपा बूथ अध्यक्ष सम्मेलन आयोजित, विधायक अदिति सिंह ने 2027 चुनाव के लिए संगठन मजबूत करने का दिया मंत्र।

News Publisher  

रिपोर्टर – शैलेश, रायबरेली :- सदर विधानसभा क्षेत्र के लालूपुर चौहान में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) का बूथ अध्यक्ष सम्मेलन आयोजित किया गया। सम्मेलन में वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव की तैयारियों, संगठन विस्तार और बूथ स्तर पर पार्टी को मजबूत बनाने की रणनीति पर विस्तृत चर्चा की गई। कार्यक्रम में अवध क्षेत्र के क्षेत्रीय उपाध्यक्ष राहुल राज रस्तोगी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने बूथ अध्यक्षों एवं पदाधिकारियों को संबोधित करते हुए कहा कि बूथ संगठन ही भाजपा की सबसे बड़ी ताकत है। उन्होंने प्रत्येक बूथ को सक्रिय, सशक्त और जनसंपर्क के माध्यम से मजबूत बनाने का आह्वान किया। सदर विधायक अदिति सिंह ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि संगठन की असली शक्ति उसके समर्पित कार्यकर्ता हैं। उन्होंने सभी बूथ अध्यक्षों से केंद्र एवं प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक पहुंचाने तथा जनसंपर्क अभियान को और अधिक प्रभावी बनाने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि संगठन की मजबूती ही आगामी चुनावों में सफलता की कुंजी होगी। सम्मेलन में आगामी चुनावों को लेकर बूथ प्रबंधन, संगठन विस्तार, मतदाता संपर्क अभियान और पार्टी की नीतियों को जन-जन तक पहुंचाने पर भी चर्चा की गई। कार्यकर्ताओं से घर-घर संपर्क अभियान तेज करने और बूथ स्तर पर संगठन को मजबूत करने का आह्वान किया गया। इस अवसर पर मंडल अध्यक्ष मंजेश सिंह, अजीत सिंह बघेल, वेद प्रकाश त्रिपाठी, नगर पूर्वी अध्यक्ष आशुतोष पांडेय, नगर पश्चिमी अध्यक्ष नवजीत सलूजा सहित बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी, बूथ अध्यक्ष और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।