रिपोर्टर – शैलेश, रुस्तमपुर, रायबरेली :- रायबरेली के मिल एरिया थाना क्षेत्र के रुस्तमपुर गांव में गुरुवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई जब एक युवक मोबाइल टावर पर चढ़ गया। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद युवक को सुरक्षित नीचे उतार लिया। प्राप्त जानकारी के अनुसार, युवक की पहचान सुमंत राज यादव के रूप में हुई है, जो डीह थाना क्षेत्र के पोठई गांव का निवासी बताया जा रहा है। स्थानीय लोगों के अनुसार, युवक एक युवती से प्रेम करता था, जिसकी कुछ समय पूर्व शादी हो चुकी थी। इसके बाद से वह मानसिक तनाव में बताया जा रहा था। गुरुवार को युवक गांव के पास स्थित मोबाइल टावर पर चढ़ गया और काफी ऊंचाई पर जाकर बैठ गया। युवक को टावर पर देखकर क्षेत्र में हड़कंप मच गया। मौके पर बड़ी संख्या में ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलने पर मिल एरिया थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने लाउडस्पीकर के माध्यम से युवक से बातचीत की और उसे सुरक्षित नीचे उतरने के लिए समझाया। काफी प्रयासों और समझाइश के बाद युवक नीचे उतरने के लिए तैयार हो गया। करीब दो घंटे चले रेस्क्यू अभियान के बाद युवक को सकुशल नीचे उतार लिया गया। इसके बाद पुलिस उसे अपने साथ थाने ले गई। अधिकारियों के अनुसार युवक पूरी तरह सुरक्षित है तथा आवश्यक काउंसिलिंग और परिजनों से बातचीत के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। घटना के दौरान किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई, जिससे स्थानीय लोगों ने राहत की सांस ली। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
प्रेमिका की शादी के बाद युवक चढ़ा मोबाइल टावर पर, पुलिस ने 2 घंटे की मशक्कत के बाद सुरक्षित उतारा।
News Publisher