डबुआ कॉलोनी में पारिवारिक रंजिश के चलते दो सगी बहनों पर उनकी ही देवरानी ने कथित रूप से पेट्रोल डालकर आग लगा दी।

News Publisher  

रिपोर्टर – दीपक राज, फरीदाबाद :- डबुआ कॉलोनी में पारिवारिक रंजिश के चलते एक बेहद दर्दनाक घटना सामने आई है। यहां दो सगी बहनों पर उनकी ही देवरानी ने कथित रूप से पेट्रोल डालकर आग लगा दी, जिससे दोनों गंभीर रूप से झुलस गईं। दोनों बहनों को पहले फरीदाबाद और दिल्ली के अस्पतालों में भर्ती कराया गया, लेकिन हालत गंभीर होने के कारण अब उनका इलाज जयपुर के एक अस्पताल में चल रहा है। डॉक्टरों के अनुसार एक बहन लगभग 60 प्रतिशत और दूसरी करीब 90 प्रतिशत तक झुलस चुकी है। मिली जानकारी के अनुसार डबुआ कॉलोनी निवासी मीना ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उनके पति देवेंद्र पाल चार भाई हैं। सबसे बड़े उनके पति देवेंद्र पाल हैं, उनके बाद देवेश, फिर गजपाल सिंह और सबसे छोटे वेदबीर हैं। मीना की सगी छोटी बहन सीमा की शादी उनके देवर देवेश के साथ हुई है। दोनों बहनें अपने-अपने परिवार के साथ एक ही मकान में ऊपर-नीचे रहती थीं। मीना और उनके पति के दो बच्चे हैं, जबकि उनकी बहन सीमा के तीन बच्चे हैं। परिवार के अनुसार दोनों बहनें आपस में मिलजुलकर रहती थीं। इसी बात से उनके सबसे छोटे देवर वेदबीर की पत्नी पिंकी को रंजिश थी। पिंकी अपने पति और बच्चों के साथ डबुआ चौक के पास 27 फीट रोड पर रहती है। बताया जा रहा है कि इसी रंजिश के चलते 3 अप्रैल को पिंकी एक थैला लेकर मीना और सीमा के घर पहुंची। मीना के अनुसार दोनों बहनों ने पिंकी के लिए चाय और खाना बनाया। इस दौरान पिंकी कई बार शौचालय जाने के बहाने अपने साथ लाया बैग भी साथ ले जाती रही। शाम करीब 5 बजे दोनों बहनें घर की छत पर खड़ी होकर आपस में बात कर रही थीं। उसी समय पिंकी शौचालय से वापस आई और उसके हाथ में एक बाल्टी थी, जिसमें पेट्रोल भरा हुआ था। आरोप है कि पिंकी ने अचानक दोनों बहनों पर पेट्रोल छिड़क दिया और माचिस से आग लगा दी। आग लगते ही दोनों बहनें बुरी तरह झुलस गईं और किसी तरह छत से नीचे आईं। शोर सुनकर पड़ोस में रहने वाले मोहित, महेश, मेवालाल, तोताराम, आशा, कुसुम और अन्य लोग मौके पर पहुंचे और आग बुझाने में मदद की। इसके बाद दोनों को तुरंत इलाज के लिए नीलम बाटा रोड स्थित एक निजी अस्पताल में ले जाया गया। डॉक्टरों ने हालत गंभीर देखते हुए उन्हें दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल रेफर कर दिया। वहां भी उचित इलाज न मिलने पर अब दोनों का उपचार जयपुर के एक अस्पताल में चल रहा है। पुलिस प्रवक्ता यशपाल ने बताया कि परिजनों की शिकायत के आधार पर आरोपी देवरानी पिंकी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है और पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। फिलहाल दोनों बहनों की हालत गंभीर बनी हुई है।