असम के बजाली के जवान को हावड़ा में बनाया निशाना, बदमाशों ने दी मौत की धमकी।

News Publisher  

रिपोर्टर :- मोनोज तालुकदार, गुवाहाटी, असम :- चेन्नई में केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (CISF) के जवान के रूप में कार्यरत असम के बजाली जिले के एक जवान पर हमला कर बदमाशों द्वारा धन लूट लेने की घटना से पूरे बजाली क्षेत्र में तीव्र सनसनी फैल गई है। प्राप्त विवरण के अनुसार, बजाली जिले के वोटांत सादेरी निवासी अरूप कलिता चेन्नई में CISF के जवान के रूप में कार्यरत हैं। जवान अपने घर आने के लिए चेन्नई से ट्रेन द्वारा पश्चिम बंगाल के हावड़ा रेलवे स्टेशन पहुंचे थे और वहां से पाठशाला जाने के लिए कामरूप एक्सप्रेस पकड़ने हेतु बीती रात हावड़ा स्टेशन पहुंचे। रात लगभग दो बजे वे हावड़ा स्टेशन के गेट नंबर 26 पर उतरे और कुली की मदद से अपना सामान गेट नंबर 9 तक ले गए। सुबह 5 बजे असम के लिए रवाना होने वाली कामरूप एक्सप्रेस का इंतजार कर रहे थे। इसी बीच गेट नंबर 9 से कुछ दूरी पर स्थित एक चाय की दुकान पर चाय पीने गए, जहां दो बदमाश उनका पीछा करते हुए पहुंचे।
मौका देखकर बदमाशों ने उनसे पैसे की मांग की और धारदार हथियार दिखाकर जान से मारने की धमकी दी। पहले तो जवान ने पैसे देने से इनकार किया, लेकिन बदमाशों ने उन पर हमला कर दिया और उनके पास मौजूद 16 हजार रुपये नकद लूट लिए। इसके बाद उन्होंने ढाई लाख रुपये की और मांग की। इतनी बड़ी राशि उनके पास न होने पर बदमाशों ने दोबारा हमला कर जान से मारने की धमकी दी और परिवार वालों को फोन कर फोनपे के जरिए पैसे भेजने को कहा। मजबूरी में जवान ने देर रात परिवार और दोस्तों से फोन कर पैसे मांगे और अपने खाते में लगभग डेढ़ लाख रुपये मंगवाए। इसके बाद बदमाशों ने उनका मोबाइल फोन छीन लिया और फोनपे का पासवर्ड बताने के लिए मजबूर किया। पासवर्ड मिलते ही उन्होंने जवान के मुंह पर बेहोशी की दवा छिड़क दी और उन्हें अचेत अवस्था में वहीं छोड़कर मोबाइल और एटीएम कार्ड लेकर फरार हो गए। सुबह लगभग पांच बजे उन्हें होश आया, लेकिन वे अत्यंत अस्वस्थ महसूस कर रहे थे। उनकी स्थिति देखकर दो रेलवे सुरक्षा कर्मियों ने कुछ पैसे देकर और उनका सामान गेट नंबर 9 से कामरूप एक्सप्रेस में चढ़ा दिया। इसी अस्वस्थ अवस्था में वे यात्रा कर आज दोपहर लगभग 12 बजे पाठशाला रेलवे स्टेशन पहुंचे। पाठशाला रेलवे स्टेशन पर मौजूद स्थानीय पत्रकारों को जवान ने पूरी घटना की जानकारी दी। इधर, जवान अरूप कलिता के भाई ने बताया कि इस घटना के संबंध में पाठशाला पुलिस थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई जाएगी।