टिहू के मनजीत शर्मा की अंतरराष्ट्रीय उड़ान, जापान सकुरा विज्ञान कार्यक्रम में मिली जगह।

News Publisher  

रिपोर्टर :- मोनोज तालुकदार, गुवाहाटी, टिहू महाविद्यालय के उच्चतर माध्यमिक विज्ञान संकाय के प्रथम वर्ष के छात्र श्रीमान मनजीत शर्मा का चयन जापान विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी एजेंसी द्वारा आयोजित अंतरराष्ट्रीय ख्यातिप्राप्त “जापान हाईस्कूल सकुरा विज्ञान कार्यक्रम” के लिए हुआ है। इस उपलब्धि के माध्यम से उन्होंने न केवल टिहू क्षेत्र बल्कि पूरे असम को गौरवान्वित किया है। उल्लेखनीय है कि भारत के 15 राज्यों से चयनित कुल 56 छात्र-छात्राओं में असम से मात्र चार विद्यार्थियों को ही यह अवसर प्राप्त हुआ है, जिनमें मनजीत शर्मा भी शामिल हैं। मनजीत शर्मा टिहू नगर के वार्ड संख्या 2 के निवासी हैं। वे श्री गिरीश शर्मा और श्रीमती भनीता देवी के द्वितीय पुत्र हैं। शैक्षणिक जीवन में निरंतर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले मनजीत शर्मा ने टिहू हाईस्कूल से HSLC परीक्षा में विद्यालय में प्रथम स्थान प्राप्त किया था। साथ ही वे वर्ष 2022 से लगातार चार वर्षों तक नेशनल मीन्स कम मेरिट स्कॉलरशिप (NMMS) के प्राप्तकर्ता रहे हैं, जो उनके परिश्रम, प्रतिभा और समर्पण का उज्ज्वल प्रमाण है। मनजीत शर्मा की यह अभूतपूर्व सफलता टिहू क्षेत्र के साथ-साथ टिहू महाविद्यालय की शैक्षणिक गुणवत्ता, शिक्षकों की निष्ठा और क्षेत्र के सकारात्मक शैक्षणिक वातावरण का सशक्त प्रतिबिंब है। टिहू क्षेत्रवासियों एवं टिहू महाविद्यालय परिवार की ओर से मनजीत शर्मा के उज्ज्वल भविष्य, दीर्घ शैक्षणिक यात्रा और और भी बड़ी उपलब्धियों के लिए हार्दिक शुभकामनाएं।