रक्षाबंधन पर महिलाओं को तीन दिन मुफ्त बस यात्रा की सुविधा, सीएम योगी ने दी सौगात।

News Publisher  

रिपोर्टर – शैलेश, उत्तर प्रदेश :- रक्षाबंधन के पावन अवसर पर उत्तर प्रदेश सरकार ने मातृशक्ति को बड़ी सौगात दी है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने घोषणा की है कि 27, 28 और 29 अगस्त 2026 तक उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम (UPSRTC) और सिटी बस सेवा की बसों में सभी बहनों, बेटियों और माताओं को एक सहयात्री के साथ निःशुल्क यात्रा की सुविधा मिलेगी। इस सुविधा का उद्देश्य रक्षाबंधन के अवसर पर महिलाओं को अपने भाई-बहनों और परिवार से मिलने में सहूलियत प्रदान करना है। तीन दिनों तक पात्र महिला यात्रियों को बस यात्रा के लिए किराया नहीं देना होगा और वे अपने साथ एक सहयात्री को भी निःशुल्क यात्रा करा सकेंगी। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मातृशक्ति का अभिनंदन करते हुए उन्हें रक्षाबंधन की हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं दीं। सरकार की इस पहल से रक्षाबंधन के दौरान बड़ी संख्या में महिलाओं को आवागमन में राहत मिलने की उम्मीद है।