रिपोर्टर – रणजीत सिंह, इटावा :- जनपद इटावा में पुलिस और कुख्यात बदमाशों के बीच हुई मुठभेड़ में दो शातिर अपराधी मारे गए। कार्रवाई के दौरान बदमाशों की फायरिंग में दो पुलिसकर्मी गंभीर रूप से घायल हो गए, जिनमें एक सिपाही के पेट में गोली लगने की जानकारी है। घायल पुलिसकर्मियों को तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार जारी है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, इटावा की एसओजी टीम को सूचना मिली थी कि दो वांछित बदमाश ट्रेन से झारखंड की ओर जा रहे हैं। सूचना के आधार पर इटावा पुलिस और एसओजी टीम ने शिकोहाबाद रेलवे स्टेशन पर संबंधित ट्रेन के डिब्बे की घेराबंदी की। पुलिस टीम को देखते ही बदमाशों ने अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी, जिसमें दो सिपाही गंभीर रूप से घायल हो गए। इसके बाद बदमाश ट्रेन से उतरकर भागने लगे। पुलिस ने घेराबंदी कर उनका पीछा किया। बताया जा रहा है कि भागने के दौरान एक बदमाश ने एक बच्चे को बंधक बना लिया और पुलिस को धमकी दी कि यदि उसे जाने नहीं दिया गया तो वह बच्चे को गोली मार देगा। पुलिस ने सूझबूझ और साहस का परिचय देते हुए बच्चे को सुरक्षित बाहर निकाला और जवाबी कार्रवाई में दोनों बदमाशों को मुठभेड़ में मार गिराया। मारे गए बदमाशों की पहचान सुमित यादव और अंकित के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, सुमित यादव के खिलाफ हत्या, लूट और अन्य गंभीर अपराधों के डेढ़ दर्जन से अधिक मुकदमे दर्ज थे, जबकि अंकित भी एक कुख्यात अपराधी बताया जा रहा है। पुलिस ने घटनास्थल से हथियार और अन्य आपत्तिजनक सामग्री बरामद कर ली है। पूरे मामले की जांच की जा रही है और अग्रिम विधिक कार्रवाई जारी है। वहीं, घायल पुलिसकर्मियों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की जा रही है।
इटावा में पुलिस-बदमाश मुठभेड़: ट्रेन में फायरिंग से दो सिपाही घायल, दो कुख्यात बदमाश ढेर, बंधक बनाए बच्चे को सकुशल बचाया गया।
News Publisher