रिपोर्टर – शैलेश, रायबरेली :- भदोखर थाना क्षेत्र के बेला भेला के पास सोमवार सुबह दो स्कूल वाहनों की आमने-सामने हुई जोरदार टक्कर में आधा दर्जन से अधिक स्कूली बच्चे घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया। जानकारी के अनुसार, सत्यनारायणी इंटर कॉलेज, दरियापुर की बस और लियो कॉन्वेंट स्कूल, उत्तरपारा की मैजिक गाड़ी (UP33BT0953) की आमने-सामने टक्कर हो गई। टक्कर इतनी तेज थी कि मैजिक गाड़ी सड़क से उतरकर खेत में पलट गई। बच्चों की चीख-पुकार सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) पहुंचाया गया। हादसे में लियो कॉन्वेंट स्कूल के कक्षा चार के छात्र अर्श (14 वर्ष) के पैर में फ्रैक्चर होने के कारण प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर किया गया। जिला अस्पताल के चिकित्सकों के अनुसार छात्र का उपचार जारी है। वहीं सत्यनारायणी इंटर कॉलेज की छात्राएं विजय लक्ष्मी (12 वर्ष, कक्षा 9), रागिनी (14 वर्ष), मोनी अग्रहरी सहित अन्य घायल बच्चों का उपचार सीएचसी में किया गया। घटना की सूचना मिलते ही परिजन भी अस्पताल पहुंच गए। पुलिस ने दोनों क्षतिग्रस्त वाहनों को कब्जे में लेकर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि जांच के बाद आवश्यक विधिक कार्रवाई की जाएगी।