रिपोर्टर – रणजीत सिंह, जमुई, बिहार :- बिहार के जमुई जिले से एक अनोखी प्रेम कहानी सामने आई है, जहां एक गलत नंबर पर हुई बातचीत ने दो लोगों की जिंदगी बदल दी। खैरा थाना क्षेत्र के 19 वर्षीय महावीर कुमार ठाकुर ने 42 वर्षीय महिला बिंदु देवी उर्फ सीमा परवीन से शादी कर ली। दोनों की उम्र में करीब 23 वर्ष का अंतर है। जानकारी के अनुसार, करीब दो वर्ष पहले महावीर कुमार ठाकुर अपने एक दोस्त को फोन मिला रहे थे, लेकिन गलती से कॉल किसी अन्य नंबर पर लग गई। दूसरी ओर पूर्णिया निवासी बिंदु देवी थीं। बातचीत का सिलसिला शुरू हुआ और धीरे-धीरे दोनों के बीच दोस्ती गहरी होती गई। समय के साथ यह दोस्ती प्रेम संबंध में बदल गई। बताया जा रहा है कि बिंदु देवी पहले से शादीशुदा हैं और पांच बच्चों की मां हैं। इसके बावजूद दोनों ने एक-दूसरे के साथ जीवन बिताने का फैसला किया। परिवार और समाज की तमाम चर्चाओं के बीच दोनों ने कोलकाता के एक मंदिर में विवाह कर लिया।शादी के बाद जब दोनों जमुई पहुंचे तो यह मामला गांव और आसपास के क्षेत्रों में चर्चा का विषय बन गया। ग्रामीणों द्वारा सूचना दिए जाने पर पुलिस ने दोनों से पूछताछ की। पुलिस जांच में दोनों ने बताया कि उन्होंने अपनी इच्छा से शादी की है और साथ रहना चाहते हैं। दोनों के बालिग होने के कारण पुलिस ने किसी प्रकार की कानूनी कार्रवाई नहीं की और उन्हें जाने दिया। यह अनोखी प्रेम कहानी सोशल मीडिया पर भी तेजी से चर्चा में है। लोग इस मामले पर अलग-अलग प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं। कुछ इसे सच्चे प्रेम की मिसाल बता रहे हैं, जबकि कुछ इसे हैरानी भरा फैसला मान रहे हैं। फिलहाल दोनों ने साथ रहने का निर्णय लिया है और अपने वैवाहिक जीवन की नई शुरुआत कर चुके हैं।
गलत नंबर से शुरू हुई बातचीत बनी प्रेम कहानी, 19 वर्षीय युवक ने 42 वर्षीय महिला से की शादी।
News Publisher