रिपोर्टर- अमनदीप शर्मा (पंजाब, गुरदासपुर) दोरांगला गुरदासपुर 22 फरवरी गुरदासपुर में दोरांगला पुलिस स्टेशन अधीन गांव आदियां के पास ड्यूटी पर तैनात एक ए.एस.आई. तथा एक होमगार्ड जवान की गोलियां मारकर हत्या कर दी गई। यह चैक पोस्ट भारत-पाकिस्तान बॉर्डर की दूसरी डिफैंस लाइन में है। दोनों पुलिसवालों के शव चैक पोस्ट के अंदर संदिग्ध हालात में मिले। मृतकों की पहचान होमगार्ड जवान अशोक कुमार और ए.एस.आई. गुरनाम सिंह के तौर पर हुई है। सूचना मिलते ही डी.आई.जी. बार्डर रेंज संदीप गोयल तथा एस.एस.पी. गुरदासपुर सहित सीमा सुरक्षा बल तथा सेना के अधिकारी भी मौके पर पहुंचे। एस.एस.पी. गुरदासपुर आदित्य ने बताया कि मरने वालों में से एक इंडिया रिजर्व बटालियन का था और दूसरा पंजाब होमगार्ड का जवान था। इस संबंधी पुलिस के विभिन्न सैल काम कर रहे हैं। डी.आई.जी. बार्डर रेंज संदीप गोयल ने कहा कि किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा। उधर आतंकी संगठन तहरीक-ए-तालिबान हिंदुस्तान ने इन हत्याओं की जिम्मेदारी ली है। आतंकी संगठन की वायरल पोस्ट में लिखा है-आज, 22 फरवरी 2026 को तड़के सुबह, गजवा-ए-हिंद के तहत एक और कार्रवाई उस समय की गई जब तहरीक-ए-तालिबान हिंदुस्तान की अल-बुरक ब्रिगेड ने दोरांगला पुलिस स्टेशन की चैक पोस्ट आदीयां पर हमला किया। रात 1 बजे आदियां पोस्ट के पास 2 मोटरसाइकिलों पर सवार 5 संदिग्ध लोगों की सी.सी.टी.वी. सामने आई है, पुलिस इसकी जांच कर रही है।
गुरदासपुर पुलिस चौकी में 2 पुलिस कर्मियों की गोलियां मारकर हत्या
News Publisher

